
Wildlife Science
हमारा भारत देश वनों की अधिकता के कारण वन्य जीवों से भरा पड़ा है। वन्य जीव के अंतर्गत ऐसा कोई प्राणी या जलीय जीव आता है जो किसी तरह के प्राकृतिक अधिवास में रहता है। यह अत्यंत हर्ष का विषय है कि भारत दुनिया के बारह मेगा जैव विविधता संपन्न देशों में शामिल है। हमारे देश का वन्य जीव पूर्वोत्तर भारत के सदाबहार वनों से लेकर हिमालय के हरे-भरे जंगलों तथा पश्चिमी घाटों तक फैला हुआ है।
वर्तमान समय में वन्य जीव तथा वन्य जीवन के लिए भारी खतरा उत्पन्न हो गया है। इनमें प्रमुख हैं- वन्य जीवों का शिकार, उनकी शरणस्थली का नष्ट होना, दुर्घटनाएँ तथा वन्य जीवों की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियाँ। इसे देखते हुए इन सभी परेशानियों को वैज्ञानिक ढंग से हल करना बहुत आवश्यक हो गया है। सरकार ने देश में वनों और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए समय-समय पर कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। सरकार द्वारा किए जा रहे वित्तीय और अन्य निवेश से स्थानीय समुदायों, गैर सरकारी संगठनों द्वारा पर्यावरणीय व्यवस्था में मौजूदा वन्य जीवों का संरक्षण किया जा रहा है।